श्रीमती ऊषा थोरात ने भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर के रूप में कार्यभार संभाला
10 नवंबर 2005
श्रीमती ऊषा थोरात ने भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर के रूप में कार्यभार संभाला
श्रीमती ऊषा थोरात ने आज भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उनकी यह नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए है।
श्रीमती थोरात अप्रैल 2004 से भारतीय रिज़र्व बैंक के कार्यपालक निदेशक के पद पर थीं।
20 फरवरी 1950 को जन्मीं श्रीमती ऊषा थोरात ने देहली स्कूल आफ इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की।
श्रीमती थोरात अप्रैल 1972 में रिज़र्व बैंक की सेवा में आयीं। उन्हें केंद्र और राज्य सरकारों के नकदी और ऋण प्रबंध, सरकारी प्रतिभूति बाज़ार विकास एवं विनियमन, वित्तीय बाज़ार, विदेशी मुद्रा भंडार प्रबंधन, विदेशी मुद्रा प्रबंधन, बैंकिंग विनियमन एवं पर्यवेक्षण तथा भुगतान एवं निपटान प्रणालियों का विशद अनुभव है। वह रिज़र्व बैंक स्टाफ महाविद्यालय में संकाय सदस्य रहीं तथा भारतीय रिज़र्व बैंक के गुवाहाटी कार्यालय में भी उन्होंने काम किया।
वह बैंक आफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज़ बैंक तथा सिक्यूरिटीज़ ट्रेडिंग कार्पोरेशन आफ इंडिया के निदेशक मंडलों में भी रहीं।
श्रीमती थोरात भारतीय रिज़र्व बैंक की महत्त्वपूर्ण समितियों नामत: ग्रुप आन इंस्टश्मेंट्स आफ स्टरलाइजेशन, ग्रुप आफ स्टेट फाइनांस सेक्रेटरीज़ आन फिस्कल रिस्क आफ गारंटीज़, ग्रुप आन वेज़ एण्ड मीन्स एडवांसेज़ टु स्टेट गवर्नमेंट्स और कमिटी आन कैपिटल एकाउंट कनवर्टिबिलिटी में रहीं।
वर्तमान में वह अंतर्राष्ट्रीय निपटान बैंक की ग्लोबल फाइनेंशियल सिस्टम्स संबंधी समिति की सदस्य हैं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय निपटान बैंक के इंटरनेशनल आर्गनाइजेशन आफ सिक्यूरिटीज़ कमीशन्स द्वारा गठित अंतर्राष्ट्रीय कार्य दल की एक सदस्य के रूप में भी काम किया।
श्रीमती ऊषा थोरात की पक्षियों को निहारने एवं योग में विशेष रुचि है।
जी. रघुराज
उप महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी : 2005-2006/572
पृष्ठ अंतिम बार अपडेट किया गया: